ईद मिलादुन्नबी पर पौआखाली में निकला जुलूस, 15 हजार अकीदतमंद हुए शामिल

 


किशनगंज, 26 अगस्त (हि.स.)। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को पौआखाली थाना क्षेत्र में अकीदतमंदों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य जुलूस निकाला।

जुलूस में करीब 15 हजार अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ मुफ्ती, कारी और हाफिज सहित धर्मगुरुओं ने हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में जुलूस के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति का संदेश देखने को मिला।

जुलूस में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री सह उर्दू एडवाइजरी बोर्ड के अध्यक्ष नौशाद आलम, नगर उपाध्यक्ष अबु नसर आलम सहित कई वार्ड पार्षद भी शामिल हुए। अकीदतमंदों ने पूरे उत्साह के साथ जुलूस में भाग लिया।

आयोजन के दौरान लोगों में धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना भी नजर आई। जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी गई।

पौआखाली थानाध्यक्ष शंखराज कर्ण स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए जुलूस के साथ सक्रिय रहे। पुलिस की मुस्तैदी और आयोजकों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

जुलूस के समापन के बाद मस्जिद में फातिहा पढ़ी गई। इसके बाद अकीदतमंदों के बीच तबर्रुक का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

पौआखाली थानाध्यक्ष संखराज कर्ण ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल रहा। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला रहा। हजारों लोगों की भागीदारी के बावजूद जुलूस का शांतिपूर्ण समापन प्रशासन, पुलिस और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह