मेधावियों का सम्मान, सपनों को मिला नया उड़ान

 


सीवान, 09 अप्रैल (हि.स.)।

शहर में शिक्षा और प्रतिभा को सम्मान देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जब सोसाइटी हेल्पर ग्रुप ट्रस्ट द्वारा छात्र–छात्राओं के लिए गुरुवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में प्रतिभाओं के उत्साह, उपलब्धियों और मेहनत को खुले मंच से सराहा गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा एवं बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय पाण्डेय उपस्थित रहे। उन्होंने मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए एक छात्र को 5100 रुपये की नगद राशि प्रदान की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल छात्रों को प्रेरित करते हैं, बल्कि उन परिवारों के लिए भी उम्मीद की किरण बनते हैं, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आरती आलोक वर्मा, अरविंद पाठक और सचिन सर की उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का सांस्कृतिक पक्ष भी खास रहा. सिंगर अविनाश कुमार, विशाल राज और शंभू सोनी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस मौके पर कुल 250 छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न संकायों के टॉपर्स को विशेष रूप से सराहा गया.कार्यक्रम में 10वीं टॉपर्स अंकित कुमार यादव , आलिया परवीन, स्वीटी कुमारी, 12वीं साइंस के तनु यादव, नाजिया नाज, बेलाल अली,कॉमर्स के रवीश कुमार, अर्चना कुमारी, कृष्णा कुमार एवं

आर्ट्स के साक्षी कुमारी, स्वीटी कुमारी, कृति कुमारी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में ट्रस्ट के सक्रिय सदस्य नीतीश, सूरज, अभिमन्यु, राहुल, केशव, मनकेश्वर, शानू, कुणाल, आशीष, चंदन और सुमित की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma