मारवाड़ी कॉलेज में अंतर विश्वविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य आगाज

 


किशनगंज, 03 नवंबर (हि.स.)। पूर्णिया विश्वविद्यालय के तत्वावधान में मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज की मेजबानी में मंगलवार को तीन दिवसीय अंतर विश्वविद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 3 से 5 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने विधिवत रूप से किया।प्रतियोगिता को लेकर कॉलेज परिसर में खेल उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता में सीमांचल क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें नेहरू कॉलेज बहादुरगंज, आरके शाह महिला कॉलेज किशनगंज, बैसा डिग्री कॉलेज बैसा, कोचाधामन डिग्री कॉलेज और मेजबान मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज की टीमें शामिल हैं। बैसा डिग्री कॉलेज की ओर से शंभू कुमार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न वर्गों में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, तकनीक और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) संजीव कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक क्षमता मजबूत होती है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विभिन्न महाविद्यालयों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. उमाशंकर भारती उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में पीटीआई रविकांत गंजन सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। निर्णायक मंडल में सादिक अख्तर, शादमां परवीन, अनवरुल हक, मोहम्मद वसीम और पंकज कुमार शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह