सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह गंभीर : मुख्यमंत्री
पटना, 22 जुलाई (हि.स.)। बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र के तीसरे दिन विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष के विधायकों ने कहा कि कई इलाकों में किसानों को समय पर बिजली नहीं मिल पा रही है, जिसके कारण सिंचाई प्रभावित हो रही है और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
विधायकों के सवाल के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि इस बार राज्य के कई हिस्सों में बारिश कम हुई है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसानों को राहत देने के लिए कई स्तर पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने सदन में बताया कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष व्यवस्था बनाई है। इसके तहत सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक लगातार बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसान अपने खेतों में समय पर पानी पहुंचा सकें और फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
सम्राट चौधरी ने कहा कि खेती पूरी तरह मौसम पर निर्भर होती है। इस बार कम बारिश की वजह से कई क्षेत्रों में किसानों को परेशानी हो रही है। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि बिजली और अन्य संसाधनों की कमी के कारण किसानों की फसल प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सूखे की स्थिति को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि जिन-जिन इलाकों में बारिश की कमी के कारण सुखाड़ जैसी स्थिति बन रही है, वहां के जिलाधिकारियों को रिपोर्ट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया गया है। जिलों से रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार तत्काल कदम उठाएगी और प्रभावित किसानों को राहत देने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि अगर किसी क्षेत्र में सूखे की स्थिति सामने आती है तो वहां किसानों को डीजल अनुदान देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी