कोढ़ा के छात्रों का इंतजार खत्म, राजकीय डिग्री महाविद्यालय का हुआ विधिवत उद्घाटन
कटिहार, 15 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 महाविद्यालय विहीन प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों का एक साथ ऐतिहासिक शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण कड़ी में कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड को भी उच्च शिक्षा की बड़ी सौगात मिली है। कोढ़ा के शिशिया स्थित +2 उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में नवस्थापित 'राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कोढ़ा' का विधिवत उद्घाटन किया गया।
स्थानीय स्तर पर आयोजित इस भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव उपस्थित रहे। उन्होंने महाविद्यालय के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के हित में सरकार का एक बेहद उचित व सार्थक कदम बताया। वहीं, कोढ़ा की विधायक कविता देवी ने इस पहल को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बिहार सरकार का एक युगान्तकारी कदम करार दिया। पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने भी विभिन्न प्रखंडों में डिग्री कॉलेजों की स्थापना को एक बहुप्रतीक्षित और आवश्यक पहल बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने उच्च शिक्षा के महत्व को गहराई से रेखांकित किया और युवाओं के लिए 'वास्तविक शिक्षा' पर विशेष बल दिया। जिला बीस सूत्री के उपाध्यक्ष मनोज राय ने प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए बिहार सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद प्रेषित किया। विषहरिया ग्राम पंचायत के मुखिया श्री अभिनंदन सिंह ने शिशिया ग्राम में कॉलेज खुलने पर स्थानीय ग्रामीणों की ओर से विशेष हर्ष व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह