निखरेगी कटिहार की आस्था की पहचान 'गोरखनाथ धाम': मंदिर परिसर में लगेंगी आकर्षक लाइटें व फूलों की क्यारियां
कटिहार, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र गोरखनाथ धाम के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी स्थल पर पहुंचे। बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा कराए जा रहे इन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए डीएम ने कार्यकारी एजेंसी के अभियंताओं और संवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि आगामी मकर संक्रांति और महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में बन रहे मुख्य प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ, श्रद्धालुओं के लिए शेड, पेयजल, शौचालय, लाइटिंग, पार्किंग व्यवस्था और तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्माण सामग्री की विधिवत जांच के बाद ही कार्य कराया जाए। डीएम ने मंदिर परिसर में बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रैंप, बैठने की समुचित व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही परिसर को आकर्षक बनाने के लिए पौधारोपण, फूलों की क्यारियां और आधुनिक लाइटिंग लगाने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि गोरखनाथ धाम कटिहार की आस्था और सांस्कृतिक विरासत की पहचान है, इसके विकसित होने से जिले में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी, अपर समाहर्ता, कटिहार सदर व बारसोई के अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह