आर्मी जवान की पत्नी से छीना गया सोने का चेन कोढ़ा से बरामद, छिनतई करने वाले की हुई पहचान

 


अररिया 23 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज के राजेंद्र चौक स्थित महावीर मंदिर के पास दो दिन पहले मंगलवार को आर्मी जवान जयप्रकाश सिंह की पत्नी कंचन से बाइक पर सवार बदमाश के द्वारा गले से की गई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।

पुलिस ने कटिहार कोढा एसटीएफ सेल के सहयोग से छीना गया सोने का चेन का सकुशल बरामदगी कर ली।वहीं छिनतई की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश की भी पहचान कर ली गई है।

जानकारी फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी राजकिशोर प्रसाद ने गुरुवार को फारबिसगंज थाना में दी।घटना को कटिहार के कोढा ग्रुप के सदस्य ने अंजाम दिया था।पूरी घटना नगर परिषद के लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और कोढा एसटीएफ सेल ने छिनतई करने वाले की पहचान राहुल यादव उर्फ लुला यादव पिता बिल्डरमा यादव कटिहार के कोढा जुराबगंज के रहने वाले के रूप में की है।

राहुल यादव के घर फारबिसगंज थाना पुलिस, कोढा थाना और कटिहार कोढा एसटीएफ सेल के संयुक्त छापेमारी में छीना गया सोने का चेन बरामद हुआ है।आरोपी युवक की गिरफ्तारी के प्रयास के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

फारबिसगंज थाना में सोने के चेन की बरामदगी के बाद पीड़ित महिला कंचन देवी को थाना बुलाया गया, जहां उन्होंने बरामद सोने की चेन की पहचान करते हुए पुलिस के समक्ष खरीददारी को लेकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किया। पुलिस ने महिला को उनका सोने का चेन सकुशल वापस कर दिया।

एसडीपीओ ने बताया कि मंगलवार के दिनदहाड़े हुए घटना के बाद नगर परिषद के साथ अगल बगल के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को खंगालते हुए छिनतई करने वाले की तस्वीर कटिहार कोढा एसटीएफ सेल को भेजा गया था और तस्वीर से कोढा एसटीएफ सेल ने युवक की पहचान की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर