बारिश के बीच मंदिराें में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

 








सारण, 03 अगस्त (हि.स.)। मांझी श्रावण माह की पहली सोमवारी पर मांझी प्रखंड के गोबरही स्थित शिव शक्ति धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से जारी रुक-रुक कर बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। पूरा मंदिर परिसर बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा।

सुबह से ही गेरुआ वस्त्रधारी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर दूध, बेलपत्र व धतूरा अर्पित किया और मन्नतें मांगीं। मंदिर के आसपास मेले जैसा माहौल रहा, हालांकि बारिश से रास्तों पर कीचड़ की समस्या भी बनी रही।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए दाउदपुर थाना पुलिस व ट्रैफिक बल मुस्तैद दिखे। अपर थानाध्यक्ष बिपुल कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और आगामी सोमवारी पर भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार