गोवा फिल्म फेस्टिवल में फिल्म नीति पर होगी चर्चा, बिहार पवेलियन पर मिलेगी जानकारी

 


गोवा, 19 नवंबर (हि.स.)।

गोवा में 20 नवंबर से शुरू हो रहे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार (आईएएस) के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 का प्रचार करेगी एवं फिल्म निर्माताओं से बातचीत कर राज्य में निवेश की संभावनाओं की तलाश करेगी।

इस उद्देश्य से बिहार फिल्म निगम की ओर से फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन स्थापित किया गया है। यहां फिल्म निर्माता बिहार फिल्म निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों से फिल्म नीति से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ ही फिल्म उद्योग में नवाचार पर चर्चा कर सकते हैं। विगत वर्षों में फिल्म बाजार फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।

प्रणव कुमार ने कहा कि बड़े प्रोडक्शन हाउस की जरूरत को समझकर उनके अनुकूल व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। फिल्म निगम की महाप्रबंधक रूबी ने फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने की तैयारियों की समीक्षा की और संतोष व्यक्त किया।

फिल्म फेस्टिवल के दौरान 20 से 24 नवंबर तक लगने वाले फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन के माध्यम से फिल्म निर्माताओं के साथ ही फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024, राज्य के शूटिंग लोकेशन, बिहार पोर्टल रजिस्ट्रेशन, फिल्म निगम के अन्य क्रियाकलाप आदि की जानकारी दी जाएगी एवं राज्य में फिल्म उद्योग को विकसित करने को लेकर सुझाव मांगे जाएंगे।

इस दौरान निगम के प्रतिनिधि यहां भाग ले रहे अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों से फिल्म उद्योग से जुड़े नवाचारों को समझेंगे। आईएफएफआई के इस संस्करण में फिल्म निगम की ओर से 23 नवम्बर को शाम 4:30 बजे से 'पॉलिसी टू पिक्चर: बिहार सिनेमैटिक राइज' विषय पर चर्चा सत्र का आयोजन किया जाना है। इस सत्र में हिंदी फिल्म रजनी की बारात की निर्माता तनाया अदरकर प्रभु और हिंदी फिल्म टिया के निर्माता सागर श्रीवास्तव बिहार में फिल्म शूटिंग से जुड़े अपने अनुभव फिल्म कम्युनिटी से साझा करेंगे।

फिल्म रजनी की बारात की शूटिंग मुख्य रूप से दरभंगा में हुई है जबकि टिया की शूटिंग वाल्मीकि नगर सहित राज्य के कई जिलों में हुई है। इस सत्र में अभिनेता पंकज झा एवं इंडियन मोशन पिक्चर एसोसिएशन(इंपा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा अपने विचार रखेंगे। फिल्म निगम की ओर से चर्चा में प्रो. अरविंद रंजन दास शामिल होंगे। मंच संचालन की जिम्मेदारी फिल्म समीक्षक कोमल नहटा को दी गई है।

आईएफएफआई का आयोजन 20 से 28 नवंबर तक गोवा के विभिन्न स्थानों पर हो रहा है। इस दौरान फिल्म बाजार के आयोजन के साथ ही फिल्म स्क्रीनिंग, वर्कशॉप, पैनल डिस्कशन में शामिल होने के लिए देश-विदेश से फिल्म जगत से जुड़े लोग गोवा पहुंच रहे हैं। बिहार फिल्म निगम के परामर्शी(फिल्म) प्रो अरविंद रंजन दास, कनीय परामर्शी(संचार) कुमार गौरव एवं सोशल मीडिया मैनेजर अनुभव सागर चार सदस्यीय टीम में शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी