गलगलिया-अररिया रेलखंड का जीएम ने किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
किशनगंज, 22 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के महाप्रबंधक (जीएम) ने शुक्रवार को गलगलिया-अररिया रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।
सामरिक एवं क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस रेलखंड के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से नीचे नहीं उतरे, जिससे अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचे रेल संगठनों के प्रतिनिधियों में मायूसी देखी गई।
निरीक्षण स्पेशल ट्रेन सुबह करीब साढ़े 11 बजे से 12 बजे के बीच ठाकुरगंज स्टेशन पहुंची। इस दौरान महाप्रबंधक ने ट्रेन से ही स्टेशन परिसर, रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था एवं अन्य रेल संरचनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण ट्रेन में कटिहार रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी भी मौजूद थे।
महाप्रबंधक के आगमन को लेकर स्टेशन परिसर में पूर्व से ही तैयारियां की गई थीं। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न व्यवस्थाओं में लगाया गया था। वहीं, कई रेल संगठनों के पदाधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि भी स्टेशन पर मौजूद रहे। वे यात्री सुविधाओं के विस्तार, विभिन्न ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन विकास, प्लेटफॉर्म पर शेड निर्माण, टिकट काउंटर व्यवस्था तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे।
हालांकि महाप्रबंधक के ट्रेन से नीचे नहीं उतरने के कारण उन्हें अपनी बातें सीधे तौर पर रखने का अवसर नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि महाप्रबंधक अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ठाकुरगंज स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों एवं यात्री सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। लेकिन विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण तक ही कार्यक्रम सीमित रहने से लोगों में निराशा देखी गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विंडो निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से ट्रैक की स्थिति, सिग्नल प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था एवं रेल परिचालन से जुड़े तकनीकी पहलुओं का अवलोकन किया जाता है। गलगलिया-अररिया रेलखंड सीमांचल क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं में शामिल है। बाद में विभिन्न रेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन एक कनीय रेल पदाधिकारी को सौंप दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह