ट्रेन से गिरकर बालिका की मौत
भागलपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले के विक्रमशिला रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को डाउन दानापुर-साहिबगंज इंटरसिटी ट्रेन से उतरने के प्रयास में 17 वर्षीय ज्योति कुमारी की गिरकर मौत हो गई।
नया टोला, रामपुर निवासी विपिन यादव की पुत्री ज्योति अपने परिजन के साथ घोघा से एक भोज कार्यक्रम से लौट रही थी, तभी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव न होने के बावजूद गति धीमी होने पर उसने उतरने की कोशिश की और संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद भागलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए कभी भी चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का जानलेवा जोखिम न उठाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर