चार घंटे तक मोबाइल टावर पर चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, प्रेमी के समझाने पर नीचे उतरी युवती

 






सीवान, 27 अक्टूबर (हि.स.)।

जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के पटखौली गांव में मंगल की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गयी।

युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये। करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पुलिस की टीम युवती को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करती रही। आखिरकार, उसके प्रेमी के टावर पर चढ़कर समझाने के बाद युवती नीचे उतरने को तैयार हुई। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती सुबह करीब 4:30 बजे पटखौली गांव स्थित मोबाइल टावर के पास घूम रही थी। करीब पांच बजे वह टावर पर चढ़ गयी। हालांकि, सुबह 5:30 बजे के आसपास लोगों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद धीरे-धीरे मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गयी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मैरवा थाने को दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी देर तक प्रयास किया, लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुई। घंटों की मशक्कत के बाद भी जब सफलता नहीं मिली, तो पुलिस ने सूर्यपुरा गांव निवासी उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया।

पहले प्रेमी ने नीचे से ही युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद प्रेमी स्वयं मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब दस मिनट तक उससे बातचीत की। प्रेमी के समझाने के बाद युवती नीचे उतर आयी। इस तरह सुबह से जारी घटनाक्रम का करीब नौ बजे के बाद अंत हुआ। पुलिस ने दोनों को सुरक्षित अपने साथ थाने पहुंचाया।

चार साल से प्रेम संबंध, शादी तय होने की चर्चा

थानाध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार, सूचना मिली थी कि सूर्यपुरा निवासी एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गयी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके प्रेमी की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतारा और दोनों को थाने लाया। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था और वे पिछले दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि युवती की शादी होने वाली थी। हालांकि, युवती के टावर पर चढ़ने की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma