किराना दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर 13.09 लाख रुपये की चोरी, सीसीटीवी का डीवीआर भी ले उड़े चोर
सुपौल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र के विशनपुर शिवराम चौक स्थित पूजा जनरल स्टोर में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोर दुकान का वेंटिलेटर तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलग-अलग गल्लों में रखे कुल 13 लाख 9 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना को अंजाम देने से पहले चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का मुंह छत की ओर मोड़ दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद न हो सकें। इसके बाद चोर सीसीटीवी का डीवीआर बॉक्स भी अपने साथ ले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीपीओ पवन कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली और दुकान का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस अधिकारियों ने दुकान के अंदर और आसपास के इलाके में चोरों के प्रवेश एवं निकलने के संभावित रास्तों की भी जांच की। बताया जाता है कि चोरों ने दुकान में प्रवेश करने के लिए वेंटिलेटर को निशाना बनाया। वेंटिलेटर तोड़ने के बाद वे दुकान के अंदर दाखिल हुए और अलग-अलग गल्लों में रखी नकदी को समेट लिया।
घटना के दौरान चोरों ने इस बात का विशेष ध्यान रखा कि सीसीटीवी कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हों। इसके लिए कैमरों का रुख छत की ओर कर दिया गया था। वारदात के बाद सीसीटीवी का डीवीआर भी साथ ले जाने से पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने की चुनौती बढ़ गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और दुकान के वेंटिलेटर, गल्ले तथा अन्य संभावित स्थानों की जांच की। पुलिस द्वारा बरामद वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और चोरों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। साथ ही घटना के समय दुकान और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी रकम की जानकारी चोरों को पहले से होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में पुलिस विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद व्यवसायियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने जल्द ही मामले का उद्भेदन करने और चोरी में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र