ज्ञानार्जन अभियान से बक्सर में शिक्षा को मिलेगी नई दिशा, हर बच्चे तक पहुंचेगी गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई

 


बक्सर, 26 जुलाई (हि.स.)। जिले में गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं सर्वसुलभ शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ज्ञानार्जन अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना, विद्यालयों में नामांकन एवं नियमित उपस्थिति बढ़ाना तथा ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ना है।

जिला पदाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। इसके तहत नामांकन से वंचित बच्चों की पहचान, अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना, विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण मजबूत करना तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।

साथ ही अभिभावक-शिक्षक संवाद, कैरियर मार्गदर्शन और शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

अभियान के सफल संचालन के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। पिछले दिनों आयोजित अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में बक्सर ने 91.49 प्रतिशत आयोजन के साथ पूरे बिहार में तीसरा स्थान हासिल किया, जिसमें जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े के संकल्प को जनभागीदारी से साकार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra