27 जुलाई को 'गौ सम्मान दिवस' मनाने का आह्वान, 40 करोड़ हस्ताक्षर अभियान चलाने की तैयारी

 


भागलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। श्री श्री गोशाला, भागलपुर की ओर से गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत देशभर के नागरिकों से 27 जुलाई को गौ सम्मान दिवस मनाने की अपील की गई है। अभियान के तहत लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने और गौ संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान में भाग लेने का आह्वान किया गया है। यह जानकारी मंगलवार को अभियान के अधिकारियों ने दी।

बताया गया कि 27 जुलाई की सुबह 8 बजे से 9:15 बजे तक श्रद्धालु सामूहिक रूप से श्री राम जय राम जय जय राम संकीर्तन करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे अपने-अपने जिलों के जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान का उद्देश्य गौ संरक्षण और गौ सम्मान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है

अभियान के दूसरे चरण में 27 अक्टूबर 2026 को देश के महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सभी राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों के नाम लगभग 40 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ प्रार्थना पत्र सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की कार्यकारिणी में प्रधान संरक्षक के रूप में वेदलक्षणा गोमाता, अध्यक्ष नंदी बाबा तथा भागलपुर जिला अभियान समिति के संरक्षक गिरधारी केजरीवाल का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। आयोजकों ने देशवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और गौ सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर