90 पेट्रोल पंपों पर दंडाधिकारी तैनात, 13,399 गैस सिलेंडर का स्टॉक,बोतल, ड्रम में पेट्रोल-डीजल बिक्री पर रोक
गोपालगंज, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य-पूर्व क्षेत्र में जारी युद्ध और बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंकाओं ने देशभर में चिंता बढ़ा दी है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने एहतियातन जिले के सभी 90 पेट्रोल पंपों पर दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी है, ताकि किसी भी स्थिति में आम लोगों को पेट्रोल-डीजल की किल्लत का सामना न करना पड़े।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीएम ने कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वाहनों के अलावा किसी भी स्थिति में बोतल, ड्रम या गैलन में पेट्रोल और डीजल की बिक्री नहीं की जाएगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस अवसर पर विशेष कार्यपालक पदाधिकारी संजीव कुमार और जनसंपर्क पदाधिकारी अनिल कुमार मौजूद रहे।
डीएम ने ग्रामीण इलाकों में अवैध रूप से पेट्रोल-डीजल बेचने वालों पर भी प्रशासन की नजर होने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व न केवल कानून तोड़ रहे हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में ज्वलनशील पदार्थों को घरों में रखना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है, जिसे देखते हुए यह सख्ती जरूरी है। गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए प्रशासन ने ठोस आंकड़े पेश किए। इंडियन ऑयल (आईओसीएल) के 26 वितरकों के पास 6,662 सिलेंडर, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 8 थोक विक्रेताओं के पास 3,479 सिलेंडर और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 12 थोक विक्रेताओं के पास 3,258 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इस प्रकार जिले में कुल 13,399 घरेलू गैस सिलेंडर (प्रत्येक 14.2 किलोग्राम) का पर्याप्त भंडार मौजूद है।
तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही, आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो लगातार निगरानी कर रहे हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। डीएम ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत पड़ने पर सीधे प्रशासन से संपर्क करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra