जिले में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : जिला प्रशासन

 


कटिहार, 05 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के कारण गैस आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं और अफवाहें प्रसारित हो रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कटिहार जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी कुमार किंचित ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 14170 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। शनिवार को 6239 गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है और आज 5720 सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि गैस की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, और अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों की बिक्री को रोकने के लिए 16 धावा दल का गठन किया गया है। अब तक कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ 5 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें। अनावश्यक रूप से गैस वितरकों के यहां भीड़ न लगाएं। जरूरतमंद संस्थानों जैसे शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता के आधार पर गैस की आपूर्ति की जा रही है।

जिला प्रशासन ने बताया कि गैस आपूर्ति की स्थिति की गहन निगरानी की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 और 239026 पर संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह