कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएम

 


कटिहार, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के कारण गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि कटिहार में गैस की आपूर्ति सामान्य है और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। रविवार को 6276 सिलेंडर की आपूर्ति की गई और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 16782 सिलेंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें की जा रही हैं ताकि आपूर्ति सुचारू रहे।

डीएम ने बताया कि कटिहार शहर में गैस पाइपलाइन के जरिए घरेलू गैस आपूर्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक 730 लोगों ने घर पीएनजी गैस कनेक्शन के लिए आवेदन किया है, और प्रथम चरण में इन्हें कनेक्शन दिया जाएगा। अगले 15 दिनों में शहर के कुछ हिस्सों में गैस पाइपलाइन से आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भीड़ न लगाएं। साथ ही, जरूरतमंद संस्थानों जैसे शिक्षा और स्वास्थ्य केंद्रों को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति की जा रही है।

जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर - 06452-239025 / 239026 जारी किया है, जहां लोग गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, 16 धावा दलों का गठन किया गया है ताकि गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाई जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह