जिले में गैस आपूर्ति समान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएसओ

 


कटिहार, 13 मई (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तनावपूर्ण स्थितियों के बीच सोशल मीडिया पर घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आम जनता को घबराने या अफवाहों के आधार पर पैनिक बुकिंग करने की कोई आवश्यकता नहीं है।

डीएसओ ने बताया कि जिले में संचालित सभी 54 गैस एजेंसियों के पास भारी मात्रा में स्टॉक मौजूद है। वर्तमान में 12,533 घरेलू एलपीजी सिलेंडर भंडारित हैं। आपूर्ति व्यवस्था की सुदृढ़ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते 12 मई को कुल 6,335 बुकिंग के विरुद्ध प्रशासन और गैस कंपनियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए 6,392 सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की। इसके अतिरिक्त व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए भी बाजार में 1,364 सिलेंडर उपलब्ध हैं।

गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और मुनाफाखोरी जैसी अनैतिक गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन बेहद सख्त है। जिले में 16 धावा दलों का गठन किया गया है जो लगातार संदिग्ध ठिकानों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पैनी नजर रख रहे हैं। अब तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 805 स्थानों पर सघन छापेमारी और निरीक्षण की कार्रवाई की जा चुकी है, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर 05 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

जिला प्रशासन एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसीएल जैसी प्रमुख तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर संपर्क में है ताकि भविष्य में भी आपूर्ति का प्रवाह मांग के अनुरूप बना रहे। उपभोक्ताओं की सुविधा और शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रशासन द्वारा एक समर्पित कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है, जहाँ प्राप्त 1,118 शिकायतों में से लगभग सभी का निपटारा कर दिया गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से धैर्य बनाए रखने और गैस वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ नही लगाने की अपील की। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील संस्थानों के लिए निर्बाध आपूर्ति के विशेष निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर जिला स्तर पर जारी हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह