बिहार के पूर्णिया में सिलेंडर विस्फोट से 9 परिवारों के घर जले
पूर्णिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में पूर्णिया जिले के प्रखंड क्षेत्र के झौवारी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या भीषण अगलगी की घटना में करीब 9 परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस हादसे में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए और पूरा इलाका अफरा-तफरी में डूब गया।
स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों—मुखिया प्रतिनिधि शाकिर हुसैन, पंचायत समिति सदस्य अंसर आलम, वार्ड सदस्य मो सोएब आलम तथा मुखिया प्रत्याशी शम्स नदीम—ने बताया कि सीमा रानी के घर से अचानक आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान अंजीला के घर में रखे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई तथा स्थिति भयावह हो गई।
अगलगी की इस घटना में घरों में रखा फर्नीचर, आलमारी, तीन साइकिल, गहने-आभूषण, ट्रंक, आवश्यक कागजात सहित मवेशी भी जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित मो. नाजिम की पुत्री जन्नती ने बताया कि वह जीविका समूह से जुड़ी है और समूह का करीब 74 हजार रुपये कलेक्शन कर घर में रखा गया था, जो आग की भेंट चढ़ गया।
इस घटना में खालिदा खातून, सीमा रानी, फिरोज, मो. नाजिम, रौनक, अंजीला, यासमीन खातून, उम्मती तथा आकिल सहित कुल 9 परिवारों के घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि इस हादसे में उनका सब कुछ जलकर खाक हो गया है। वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति नष्ट हो जाने से वे पूरी तरह बेसहारा हो गए हैं। सभी प्रभावितों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
सूचना मिलते ही अमौर अंचल कार्यालय से राजस्व कर्मचारी सौरभ कुमार मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर हर संभव सहायता एवं शीघ्र क्षतिपूर्ति दिलाने का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह