गैस एजेंसी की मनमानी से परेशान उपभोक्ताओं ने एसडीओ से लगाई गुहार
भागलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथनगर क्षेत्र में गैस उपभोक्ता इन दिनों भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। साईं बाबा गैस एजेंसी पर मनमानी का आरोप लगाते हुए दर्जनों उपभोक्ता शनिवार को सदर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
उपभोक्ताओं ने आवेदन के माध्यम से सदर अनुमंडल कार्यालय भागलपुर के पदाधिकारी को बताया कि जिला प्रशासन की ओर से गैस की होम डिलीवरी की व्यवस्था की बात कही जाती है। लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि होम डिलीवरी तो दूर जब वे स्वयं एजेंसी पर गैस लेने जाते हैं, तब भी उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाता। कई बार चक्कर लगाने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ता है। जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि आम लोगों को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर