राधा कृष्ण ठाकुरवाड़ी में गरबा-डांडिया की धूम, भक्ति गीतों पर देर रात तक झूमीं महिलाएं
सुपौल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण ठाकुरवाड़ी संचालन समिति की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा के तहत संध्या आरती के पश्चात गरबा-डांडिया नृत्य एवं संगीत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों सहित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्तिमय माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा परिसर नवरात्र के रंग में सराबोर नजर आया।
मां दुर्गा के एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की धुन पर महिलाएं गरबा और डांडिया खेलते हुए झूमती रहीं। पारंपरिक नृत्य, संगीत और भक्ति के अनूठे संगम ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। देर रात तक चले इस आयोजन में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ संरक्षक मंडल के वरिष्ठ सदस्य युगल किशोर अग्रवाल, रामकुमार चौधरी तथा विद्वान पंडित अरुण कुमार झा उर्फ मुन्ना जी ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने शहर में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भावना और एकता को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। इस तरह का आयोजन स्वागत योग्य कदम है, जो सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है। कार्यक्रम के शुभारंभ का उपस्थित श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से स्वागत किया। इसके बाद भक्ति संगीत और गरबा-डांडिया का सिलसिला शुरू हुआ, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में उत्सव, उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की सफलता में श्री राधा कृष्ण ठाकुरवाड़ी संचालन समिति की कोर कमेटी के सभी सदस्यों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। सामूहिक प्रयास और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से आयोजन सफल रहा। इस कार्यक्रम ने नवरात्र की धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र