सौ किलो गांजा के साथ स्कॉर्पियो और कार सवार पांच तस्कर गिरफ्तार

 


अररिया, 10 अक्टूबर(हि.स.)। जिले की बथनाहा पुलिस और एसएसबी 56वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने बथनाहा-बीरपुर चौक से करीब सौ किलो गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो, एक आई-20 कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

डीएसपी राजकिशोर कुमार ने बथनाहा थाना परिसर में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों में स्कॉर्पियो संख्या बीआर 11 पीए 7118 और आई-20 कार संख्या बीआर 11 एडी 0112 सहित आरोपियों के पास से सात मोबाइल जब्त किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगबनी के रोनी राज पंडित, अबू बकर, फारबिसगंज के मोहम्मद सलमान, सुपौल के अफरोज आलम और नरपतगंज के अबू कलाम के रूप में हुई है।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब गांजा की खेप के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर