एसएसबी और घुरना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 12 किलो गांजा बरामद
अररिया 08 सितम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56वीं वाहिनी की एच समवाय घुरना और बिहार पुलिस की घुरना थाना की एक विशेष संयुक्त गश्ती टीम ने सीमावर्ती इलाके से लावारिश अवस्था में पड़े 12 किलो गांजा बरामद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 191/5 से लगभग एक किलोमीटर भारत की तरफ महेशपट्टी में एक विशेष गश्त अभियान में गांजा बरामद किया गया।अभियान में एसएसबी के पांच कार्मिक और बिहार पुलिस के तीन पुलिस कर्मी शामिल थे। गश्ती के दौरान टीम को नेपाल की तरफ से भारत में लाई जा रही एक लावारिस प्लास्टिक की बोरी मिली, जिसकी मादक पदार्थ जांच किट से जांच करने पर उसमें 12 किलो गांजा होने की पुष्टि हुई।गश्त दल को देखकर तस्कर सामान छोड़कर फरार होने में कामयाब रहे, जिससे मौके पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।जब्त किए गए गांजे को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु घुरना पुलिस थाना को सुपुर्द किया गया ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर