कुर्साकांटा पुलिस ने कपड़फोड़ा में एक घर में छापेमारी कर 11 किलो गांजा किया बरामद
अररिया 10अगस्त(हि.स.)। जिले की कुर्साकांटा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कपड़फोड़ा वार्ड संख्या 6 निवासी 24 वर्षीय मो. जब्बार पिता मो. साकिम के घर पर की।
कुर्साकांटा थानाध्यक्ष रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान करीब 11 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से गांजा के अलावा एक स्मार्टफोन भी जब्त किया है, जबकि कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
हालांकि पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है।पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर