भागलपुर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ की धूम, कहीं 56 भोग तो कहीं मन रही सिल्वर जुबली
भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)।जिलेभर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी। सुबह से ही पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी।
भक्तों ने भगवान गणेश को प्रिय लड्डू और मोदक का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे शहर में दिनभर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। भागलपुर में इस बार गणेश प्रतिमाओं और पंडालों को बेहद आकर्षक और अलग-अलग रूपों में सजाया गया है।
कहीं भगवान गणेश भव्य सिंहासन पर विराजे दिखे, तो कहीं वे अपने वाहन मूषक पर सवार नजर आए। पूजा के साथ-साथ कई स्थलों पर भंडारा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शुरुआत हो गई है। सोनापट्टी चौक में शर्मा चौक के राजा समिति की ओर से भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा सिंहासन पर स्थापित की गयी है।
महंत विष्णु शर्मा के संचालन में पूजा-अर्चना संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि भागलपुर में सबसे पहले गणेश महोत्सव की शुरुआत इसी स्थान से हुई थी। यहां चार दिनों तक अलग-अलग धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिसमें मंगलवार को प्रसाद वितरण और बुधवार को भजन-कीर्तन मुख्य आकर्षण होंगे।
गणेश पूजा समिति स्वामी विवेकानंद पथ की ओर से जोगसर में स्थापित गणेश प्रतिमा इस बार रंगीन रोशनी और अद्भुत फूलों की सजावट के कारण आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां सोमवार को बप्पा को लड्डू समेत 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया गया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि मंगलवार को बप्पा को खिचड़ी और खीर का विशेष भोग लगाया जायेगा और साथ ही भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। जगन्नाथ मंदिर में भी भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी के अवसर पर पारंपरिक गणेश पूजा की गयी।
परबत्ती में सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गयी। शाम को यहां भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसके बाद देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा।
सिकंदरपुर रोड स्थित गजानंद क्लब के लिए यह साल बेहद खास है। क्लब की ओर से इस वर्ष गणेश उत्सव की 25वीं वर्षगांठ मनायी जा रही है। इसके अलावा, वारसलीगंज स्थित बजरंगबली स्थान परिसर में भी मां शेरावाली क्लब की ओर से बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की गयी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर