1.9 किलो गांजा और 4.97 लाख नकद रूपये के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार, 18 अगस्त (हि.स.)। कटिहार जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने फलका थाना क्षेत्र के ग्राम फुलडोभी में छापेमारी कर मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 1.900 किलोग्राम गांजा, 4 लाख 97 हजार 800 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की रात फलका थानाध्यक्ष एवं एसटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि फुलडोभी गांव में घर से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस व एसटीएफ की टीम ने जब घर पर दबिश दी, तो दोनों व्यक्ति भागने लगे। पुलिस बल ने त्वरित घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा। घर की विधिवत तलाशी लेने पर 1.900 किलो गांजा और लाखों रुपये की नकदी बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जवाहर सिंह के पुत्र रंजीत कुमार सिंह उर्फ रंजीत सिंह एवं संजीत कुमार उर्फ संजीत सिंह (निवासी फुलडोभी, फलका) के रूप में की गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रंजीत सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ फलका एवं कुर्सेला थाने में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, जानलेवा हमला तथा बीएनएस की विभिन्न संगीन धाराओं में सात से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह