नेपाल में भारी बारिश का असर, भागलपुर में 24 घंटे में 30 सेंटीमीटर से अधिक बढ़ा गंगा का जलस्तर
भागलपुर, 20 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार में भी देखने को मिल रहा है। भागलपुर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 30 सेंटीमीटर से अधिक बढ़ गया है, जिससे नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण कई निचले क्षेत्रों में बाढ़ की आहट महसूस होने लगी है। लोग अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गए हैं और प्रशासन की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।
इधर भागलपुर जिला प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर