काढ़ागोला गंगा घाट पर गंगा उत्सव-2026 का भव्य आयोजन: काशी के पुरोहितों ने कराई महाआरती, गूंजे वैदिक मंत्र

 


कटिहार, 05 नवंबर (हि.स.)। मां गंगा की अविरलता, निर्मलता और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बरारी प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक काढ़ागोला गंगा घाट पर 'गंगा उत्सव-2026' का भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। इस एकदिवसीय उत्सव में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता कर गंगा संरक्षण का संकल्प लिया। संध्या बेला में वाराणसी (काशी) से पधारे प्रसिद्ध आचार्यों व पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई भव्य गंगा महाआरती और श्रद्धालुओं द्वारा किए गए दीपदान से पूरा गंगा तट भक्तिमय माहौल में डूब गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती रही। काशी के अर्चकों द्वारा विधि-विधान से की गई आरती के दौरान गंगा तट शंखध्वनि, घंटियों की गूंज और हर-हर गंगे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नदी की धारा में सैकड़ों दीप प्रवाहित (दीपदान) किए। साथ ही आकर्षक रंगोली निर्माण और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा की अस्मिता और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का संदेश दिया गया।

इससे पूर्व, उत्सव के पहले सत्र का शुभारंभ गंगा घाट परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान के साथ हुआ। तत्पश्चात उपस्थित सभी वरीय पदाधिकारियों, माननीयों और आम नागरिकों को नदी एवं घाटों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी जीवनरेखा और सांस्कृतिक पहचान है; इसे स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त रखना हर नागरिक का दायित्व है।

इस आयोजन में कटिहार के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त (डीडीसी), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), नोडल पदाधिकारी-सह-निदेशक (डीआरडीए) सहित जिले के कई वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा कदवा विधायक, बरारी विधायक, विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी-कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित थे। संपूर्ण कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह