गांधी शिल्प बाजार में उमड़ रही खरीदारों की भीड़, 29 नवंबर तक चलेगी प्रदर्शनी

 


दरभंगा, 26 नवंबर (हि.स.)।

लहेरियासराय स्थित पछाड़ी स्थान परिसर में आयोजित गांधी शिल्प बाजार में खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। देश के विभिन्न राज्यों के हस्तशिल्पियों द्वारा तैयार आकर्षक उत्पाद लोगों को खूब लुभा रहे हैं। हैंडलूम के कपड़े, जयपुरी जूती, झारखंड की डोकरा कला, मधुबनी पेंटिंग और सिक्की कला प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं।

प्रदर्शनी में भागलपुर सिल्क, जरीदार एवं एम्ब्रायडरी के वस्त्र, बांस से निर्मित सामग्री तथा केले के रेशे से तैयार कपड़ों सहित कई पारंपरिक हस्तशिल्प उपलब्ध हैं। जीआई टैग प्राप्त मधुबनी पेंटिंग और सिक्की कला की विशेष मांग देखी जा रही है।

बाजार में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 40 हस्तशिल्पी अपने हाथों से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन एवं बिक्री कर रहे हैं। इसकी खासियत है कि यहां केवल शिल्पियों द्वारा निर्मित सामग्री ही उपलब्ध है। निःशुल्क प्रवेश के कारण बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी देखने और खरीदारी करने पहुंच रहे हैं।

विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित तथा युवा कृति संगम, दरभंगा द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी 29 नवंबर 2026 तक चलेगी। स्थानीय कला प्रेमियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे प्रतिवर्ष आयोजित करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra