गांधी मैदान में 15 सितंबर को होगी गणपति की प्राण-प्रतिष्ठा
सुपौल, 14 सितंबर (हि.स.)। शहर के गांधी मैदान में गणपति पूजा को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गणपति पूजा समिति की ओर से इस वर्ष भी भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समिति के अनुसार 15 सितंबर को गणपति भगवान की प्राण-प्रतिष्ठा के साथ पूजा समारोह का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद 16 सितंबर से 22 सितंबर तक प्रतिदिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अर्चना एवं अन्य कार्यक्रम होंगे। आयोजन के तहत 16 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक सोनम व्यास द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएगी। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
वहीं 23 सितंबर को गणपति भगवान की महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 24 सितंबर को भव्य जागरण का कार्यक्रम होगा, जिसमें श्रद्धालु पूरी रात भक्ति एवं धार्मिक वातावरण में शामिल होंगे। गणपति पूजा समारोह का समापन 25 सितंबर को प्रतिमा विसर्जन के साथ किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गणपति पूजा को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
गणपति पूजा समिति के अध्यक्ष राम लखन चौधरी, उपाध्यक्ष नवीन कुमार एवं उमेश चौधरी, कोषाध्यक्ष बैजू चौधरी, सचिव ललन चौधरी तथा उपसचिव प्रवीण जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। समिति की ओर से शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गणपति पूजा में शामिल होने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र