गांधी जयंती पर कटिहार के शहीद चौक पर डीएम-एसपी ने बापू को दी श्रद्धांजलि, सत्य और स्वच्छता का लिया संकल्प
कटिहार, 02 अक्टूबर (हि.स.)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कटिहार के शहीद चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा पर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार समेत जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं आमजनों ने बापू के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को अपने दैनिक जीवन में उतारने का सामूहिक संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने आजादी के आंदोलन के समय थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि गांधी जी ने स्वच्छता को हमेशा अपने विचारों और कर्मों में सर्वोच्च प्राथमिकता दी। डीएम ने आह्वान किया कि बापू के आदर्शों को केवल एक दिन के स्मरण तक सीमित न रखकर हर नागरिक और कर्मी को अपने व्यवहार व दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने भी बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके दिखाए मार्ग पर निष्पक्ष व सेवाभाव से कार्य करने की बात कही।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा, नगर आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी तथा उपनिदेशक (अल्पसंख्यक कल्याण) सहित जिले के कई अन्य विभागीय अधिकारी व स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मियों ने बापू के सिद्धांतों—सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता और जनसेवा—को अपनी कार्यशैली व व्यक्तिगत आचरण में पूरी निष्ठा से समाहित करने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह