भागलपुर सांसद अजय मंडल का जल संसाधन विभाग पर बड़ा आरोप, 'कटावरोधी कार्य के नाम पर सिर्फ पैसे का खेल हुआ'

 


भागलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। जिले के नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर में गंगा नदी द्वारा किए जा रहे भीषण कटाव ने विकराल रूप ले लिया है। स्थिति का जायजा लेने भागलपुर के सांसद अजय मंडल बुधवार को स्वयं जमीनी हकीकत देखने मौके पर पहुंचे।

कटाव प्रभावित इलाके का सघन निरीक्षण करने के बाद सांसद ने वहां मौजूद जल संसाधन विभाग के अभियंताओं से चल रहे कटावरोधी कार्यों की प्रगति और तकनीकी जानकारी ली। निरीक्षण के तुरंत बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में सांसद का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने विभाग और ठेकेदारों की मिलीभगत पर गंभीर सवाल खड़े किए।

सांसद अजय मंडल ने जल संसाधन विभाग और मौके पर तैनात अभियंताओं पर भ्रष्टाचार के बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि कटावरोधी कार्य के नाम पर जमीनी स्तर पर कोई पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। यहां सिर्फ और सिर्फ 'पैसे का खेल' हुआ है।

उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी राशि की बंदरबांट की गई है और दोषी ठेकेदार को संरक्षण देने के लिए भी बड़े पैमाने पर वित्तीय खेल खेला गया है। सांसद ने राज्य सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की जोरदार मांग की है।

उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि इस पूरे प्रकरण की सही तरीके से जांच करा दी जाए, तो जल संसाधन विभाग के कई बड़े और रसूखदार अधिकारी सीधे तौर पर फंस जाएंगे। उन्होंने कहा, जनता लगातार शिकायत कर रही है कि अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। जनता की इस गाढ़ी कमाई की लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मैं इस पूरे मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाऊंगा। एक तरफ जहां सांसद का रुख अधिकारियों के प्रति बेहद कड़ा दिखा, वहीं दूसरी तरफ लगातार हो रहे भीषण कटाव और बेघर होते लोगों की लाचारी देख वे भावुक हो उठे।

प्रशासनिक विफलता के बीच सांसद अजय मंडल ने हाथ जोड़कर गंगा नदी से मार्मिक अपील की। उन्होंने कहा, गंगा मां! अब बस करिए। हम सब आपकी शरण में हैं, हमें इस तबाही से उबार दीजिए। हमसे जो भी गलत-सही हुआ हो, उसे अपने बच्चों की भूल समझकर माफ कर दीजिए। सांसद की इस भावुक गुहार की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर