ठाकुरगंज नगर पंचायत में बिना सड़क बनाए निकाली गई राशि, तीन अभियंताओं पर आरोप
किशनगंज, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के ठाकुरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य कराए बिना ही सरकारी राशि निकाले जाने का गंभीर मामला सामने आया है।
इस संबंध में नगर पंचायत के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी ने ठाकुरगंज थाना को आवेदन भेजकर कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकुरगंज नगर पंचायत के प्रभारी कार्यपालक पदाधिकारी मो इरफान आलम ने ईमेल के माध्यम से थाना को भेजे आवेदन में आरोप लगाया है कि स्वीकृत सड़क निर्माण योजनाओं के तहत बिना कार्य कराए ही भुगतान निकाल लिया गया।
कागजों पर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण दर्शाकर सरकारी राशि की निकासी कर ली गई, जबकि स्थल निरीक्षण में सड़क निर्माण नहीं होने की बात सामने आई है। आवेदन में तत्कालीन सहायक अभियंता प्रहर्ष शुक्ला, असैनिक सहायक अभियंता कुंदन कुमार तथा मो. शहंशाह की भूमिका संदिग्ध बताते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला सरकारी धन के दुरुपयोग एवं कागजी अनियमितता से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बताया गया है कि संबंधित योजनाओं की माप पुस्तिका (एमबी) तथा अन्य अभिलेखों में कार्य पूर्ण दर्शाया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर सड़क निर्माण नहीं हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भुगतान से जुड़े दस्तावेज, स्वीकृति पत्र, माप पुस्तिका, तकनीकी स्वीकृति सहित अन्य अभिलेखों की जांच करेगी। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मचारियों से पूछताछ भी की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की जांच और स्थल सत्यापन के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान यदि वित्तीय अनियमितता या सरकारी राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित अभियंताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह