निःशुल्क चिकित्सा शिविर के साथ महाराजाधिराज की 119वीं जयंती समारोह संपन्न
दरभंगा, 29 नवंबर (हि.स.)। महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय समारोह का रविवार को समापन हो गया। इस अवसर पर कामेश्वर नगर स्थित महाराजा कामेश्वर सिंह मेमोरियल अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजाधिराज के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
राज दरभंगा एवं कामेश्वर धार्मिक ट्रस्ट के ट्रस्टी कुमार राजेश्वर सिंह और कुमार कपिलेश्वर सिंह के सानिध्य में आयोजित समारोह में करीब 200 मरीजों की निःशुल्क एलोपैथिक जांच की गई तथा होम्योपैथिक दवाओं का वितरण किया गया। शिविर में डॉ. शाहिद हुसैन, डॉ. बीके सिंह, डॉ. प्रशांत सेतु, डॉ. एसके पंकज एवं डॉ. सुमित कोले ने मरीजों की जांच कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान की चर्चा करते हुए केंद्र सरकार से उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। साथ ही पटना के किसी प्रमुख स्थान पर उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि बिहार विधानसभा एवं विधान परिषद में भी इन मांगों को उठाया जा चुका है। अब सरकार को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए, ताकि उनके योगदान को समुचित राष्ट्रीय पहचान मिल सके।
शिविर के सफल आयोजन में अमरकांत झा, रामकृष्ण दास, मुरली शंकर, जितेंद्र ठाकुर, संतोष सिंह, बबलू त्रिगुणायत सहित अन्य लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra