एसएसबी के हटेवा में चिकित्सा शिविर में सौ से अधिक मरीजों का हुआ मुफ्त ईलाज,निःशुल्क दवाई का हुआ वितरण

 


अररिया 13 नवम्बर(हि.स.)।

एसएसबी 56वीं वाहिनी की ई समवाय कुशमाहा की टीम की ओर से शुक्रवार को हटेवा गांव में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया,जिसमें सौ से अधिक मरीजों का मुफ़्त ईलाज और चिकित्सीय परामर्श के साथ दवाईयां दी गई।

द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के निर्देश पर आयोजित चिकित्सा शिविर में सहायक कमांडेंट एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. शबाना द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों के परामर्श के अनुसार जरूरतमंदों के बीच मुफ्त जीवनरक्षक व आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।

एसएसबी द्वारा चलाए गए इस जन-कल्याणकारी एवं मानवीय अभियान की स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गई। ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से सीमावर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आसान होती है और बल के प्रति उनका विश्वास और प्रगाढ़ होता है।

मौके पर ई समवाय प्रभारी जवाहरलाल बोरो सहित अन्य बल कार्मिक और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर