आदिवासी टोला में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 200 से अधिक ज़रूरतमंदों की हुई मुफ्त जांच
कटिहार, 01 सितंबर (हि.स.)। जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई, कटिहार तथा 'ड्रिमी होम एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट' के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय आदिवासी टोला में एक दिवसीय निःशुल्क एकीकृत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम के सहयोग से क्षेत्र के 200 से अधिक जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग के पर्यवेक्षक डॉ. मिथिलेश कुमार ठाकुर, डॉ. आभा कुमारी, परामर्शदाता अश्वनी कुमार, लैब तकनीशियन राहुल कुमार, पवन कुमार एवं जितेन्द्र महाराज की देखरेख में मरीजों की जांच की गई। इस दौरान मुख्य रूप से एचआईवी, हेपेटाइटिस 'बी' एवं 'सी', सिफलिस, ब्लड प्रेशर तथा शुगर जैसी प्रमुख बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट की अध्यक्ष प्रतिमा तमंग ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से भविष्य में भी ग्रामीण व पिछड़े इलाकों में ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे। वहीं संस्था की सचिव आभा कुमारी एवं कोषाध्यक्ष शमा गौतम ने कहा कि संस्था स्वास्थ्य के साथ-साथ बाल विवाह रोकथाम, शिक्षा प्रोत्साहन और असहाय वर्ग की सहायता के लिए सदैव तत्पर है। इस अवसर पर ट्रस्ट की सीमा पूर्वे, कोर कमेटी सदस्य सीमा श्रीवास्तव व मनीषा कुमारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि समाज सेवा की इसी कड़ी के तहत आगामी 5 सितंबर को दो विशेष शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर चमरिया कॉलेज के समीप (आदिवासी टोला/दलन क्षेत्र) में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के लिए होगा, जबकि दूसरा शिविर बस स्टैंड परिसर में श्रमयुक्त विशेष स्वास्थ्य जांच के लिए आयोजित किया जाएगा। संस्था ने आम नागरिकों से इन शिविरों में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह