निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर आयोजित

 


भागलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। लायंस क्लब भागलपुर फेमिना द्वारा रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर शहर के आनंद चिकित्सालय रोड स्थित लायंस अन्नपूर्णा भोजन सेवा सेंटर बिल्डिंग में को आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में पेट, लीवर, आंत एवं पाचन संबंधी रोगों के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, स्त्री एवं प्रसूति रोग और सामान्य बीमारियों से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मुफ्त परामर्श दिया गया। इस दौरान मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।

लायंस क्लब भागलपुर फेमिना के सदस्यों ने बताया कि इस तरह के शिविर का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, खासकर उन लोगों तक जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और इलाज कराने में असमर्थ रहते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही, जिन्होंने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की अच्छी भागीदारी देखी गई। लायंस क्लब की इस पहल को स्थानीय लोगों ने काफी सराहा और इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर