डीएम के पहल पर सभी प्रखंड अस्पताल में निःशुल्क ईसीजी सेवा प्रारंभ

 


अररिया 28 सितम्बर(हि.स.)। आमजन को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अररिया जिले के सभी प्रखंड मुख्यालय के अस्पतालों में ईसीजी की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। यह सेवा आमजन के लिए पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है।डीएम विनोद दूहन के पहल पर सभी प्रखंड मुख्यालय स्थित अस्पताल में यह सेवा शुरू की गई है।

इस सेवा के माध्यम से हृदय की धड़कन की गति एवं लय में होने वाली असामान्यताओं तथा हृदय से संबंधित कई समस्याओं के संकेतों की प्रारंभिक पहचान में सहायता मिलती है। समय पर जांच होने से चिकित्सकों को मरीज की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की जांच एवं उपचार के लिए उचित सलाह देने में भी मदद मिलती है।

इस सुविधा के शुरू होने से जिले के लोगों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के साथ प्रखंड स्तर पर ही हृदय संबंधी प्रारंभिक जांच की सुविधा मिल सकेगी। इससे मरीजों को अनावश्यक रूप से दूर के अस्पतालों में जाने की आवश्यकता कम होगी और जरूरत पड़ने पर समय रहते उच्च स्वास्थ्य केंद्र में रेफर किया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर