सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन, 250 से अधिक लोग हुए लाभान्वित

 


अररिया 30 अगस्त(हि.स.)। विद्या भारती लोक शिक्षा समिति द्वारा संचालित सुलोचना देवी डॉ डीएल दास सरस्वती शिशु मंदिर, कटहरा में एक दिवसीय निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन रविवार को किया गया। इस शिविर में भारी संख्या में स्थानीय लोगों एवं विद्यालय के भैया बहन और अभिभावकों ने पहुंचकर अपने दांतों की जांच कराई।

कार्यक्रम की शुरुआत एसडीओ अभय कुमार तिवारी, लोक शिक्षा समिति के प्रांतीय अध्यक्ष रामप्रकाश प्रसाद,डॉ लीलाधर माहेश्वरी, विद्यालय प्रधान सुदर्शन कुमार,दधीचि देहदान समिति के जिलाध्यक्ष अजातशत्रु अग्रवाल,समाजसेवी सत्येन्द्र पंकज, निर्मल गोयल आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार द्वारा परिचय तथा सम्मान किया गया, जिनमें मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओ अभय कुमार तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक मनोज विश्वास , लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रांतीय एवं स्थानीय अध्यक्ष रामप्रकाश प्रसाद एवं विद्यालय के सह सचिव कर्नल दास,अजातशत्रु अग्रवाल, सत्येन्द्र पंकज,प्रभा प्रकाश, आदर्श गोयल,टोयोटा प्रकाश के एमडी विजय प्रकाश आदि अतिथि के तौर पर शामिल हुए।

शिविर में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ लीलाधर महेश्वरी, डॉ वैभव डॉ अभिषेक, डॉ आकाश तथा उनकी पूरी टीम ने मरीजों की कुशलतापूर्वक जांच की और उन्हें नि:शुल्क परामर्श एवं दवाइयां दी।

मौके पर सत्येंद्र कुमार पंकज द्वारा विद्यालय में एक कमरा बनवाने की घोषणा भी की गई,जिसका सभी ने स्वागत किया I कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी आचार्य एवं आचार्यागण की सहभागिता रही।

सफल आयोजन के अंत में आयोजकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से कुल 250 से अधिक व्यक्तियों का सफलतापूर्वक इलाज एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर