गंगा में शुरू हुई निःशुल्क नाव सेवा

 


भागलपुर, 07 मई (हि.स.)। भागलपुर का लाइफ लाइन कहे जाने वाला विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सेतु के पिलर संख्या 133 के पास का स्लैब टूटकर गंगा नदी में समा गया था, जिसके बाद आवागमन प्रभावित हो गया। लोगों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने कई गंगा घाटों से बड़े और छोटे नावों का परिचालन शुरू कर दिया है।

प्रशासन की ओर से सरकारी नाव सेवा निशुल्क रखी गई है। जबकि निजी नावों के लिए जिला प्रशासन ने किराया निर्धारित किया है, ताकि यात्रियों से मनमानी वसूली न हो सके। इसी को लेकर गुरुवार को समीक्षा भवन सभागार में भागलपुर के जिलाधिकारी, एसएसपी, नगर आयुक्त, पुलिस इंस्पेक्टर और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई।

बैठक में नाव परिचालन, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद विभिन्न घाटों से नाव सेवा शुरू कर दी गई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर