सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लाखों रुपयों की ठगी,केस दर्ज
अररिया 12 अगस्त(हि.स.)।
जिले के पलासी थाना क्षेत्र में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। मामले में रविंद्र कुमार मंडल समेत कई पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पलासी थाना में कांड दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आरोपितों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें योजना का पात्र लाभुक बनाने और सरकारी लाभ दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद अलग-अलग लोगों से नगद राशि ली गई।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कई लोगों से 45 हजार रुपये से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक की राशि ली गई।शिकायत करने वाले ग्रामीणों में सुन्नी देवी, आनंद मिस्त्री, नीरज कुमार मंडल, अरुण कुमार, हरिलाल समेत कई लोगों ने अलग-अलग रकम लिए जाने का उल्लेख किया है।रकम लेने के बाद न तो उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिला और न ही उनकी राशि वापस की गई।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पलासी थाना कांड संख्या 330/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान की जिम्मेदारी पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है।पुलिस मामले में रुपये के लेन-देन, शिकायत में बताए गए लोगों की भूमिका और कथित सरकारी योजना से जुड़े दावों की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर