एटीएम में फंसे रुपये निकालने के नाम पर जालसाजी, 25 हजार और कार्ड लेकर गायब हुए शातिर
सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मढ़ौरा पेट्रोल पंप के पास स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात अपराधियों ने झांसा देकर एक ग्राहक का एटीएम कार्ड और 25 हजार रुपये गायब कर दिया।
पीड़ित बाबू के असोईयां निवासी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि वे एटीएम से पैसे निकालने गए थे। ट्रांजैक्शन के दौरान उनका कार्ड और नकदी मशीन में फंस गए। तभी वहां मौजूद दो युवकों ने एटीएम पर लिखे नंबर पर कॉल करने की सलाह दी। फोन करने पर आरोपी ने पीड़ित को गढ़देवी चौक बुलाया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
वापस लौटने पर पीड़ित को एटीएम कार्ड और नकदी गायब मिली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत बैंक पहुंचकर कार्ड ब्लॉक कराया और स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार