बाढ़ के पानी में डूबने से चार वर्षीय मासूम की मौत
दरभंगा 02 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत कुशेश्वरस्थान अंचल क्षेत्र के सिसौना गांव में बाढ़ के पानी से घिरे इलाके में शुक्रवार को हादसे में चार वर्षीय मासूम की डूबने से मौत हो गई।
मृतक राहुल मुखिया के चार वर्षीय पुत्र राघव कुमार है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि राघव की दादी घास लाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान मासूम अनजाने में उनके पीछे-पीछे निकल गया। दादी को इसकी जानकारी नहीं थी। कुछ दूर जाने के बाद बच्चा बाढ़ के पानी के बीच स्थित नहर की ओर चला गया और गहरे पानी में डूब गया।
काफी देर बाद मवेशी चराने वाले कुछ लोग उसी रास्ते से नहर पार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में बच्चे के बाल पर पड़ी। आशंका होने पर चरवाहों ने तत्काल पानी में उतरकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों के पहुंचते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरा माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाढ़ के कारण क्षेत्र के कई रास्ते और नहरें पानी में डूबी हुई हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। मासूम की मौत ने बाढ़ प्रभावित इलाके में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि बच्चे की मौत डूबने से हुई है। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मासूम की मौत के बाद सिसौना गांव में मातम पसरा है। परिजनों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra