सारण के चार चौकीदारों पर गिरी गाज

 


सारण, 27 अप्रैल (हि.स.)। जिला सामान्य शाखा द्वारा कर्तव्यहीनता अवैध गतिविधियों में संलिप्तता और अनुशासनहीनता के आरोपों में घिरे चार चौकीदारों के विरुद्ध संचालित विभागीय कार्यवाही अब संपन्न हो गई है। जांच में दोषी पाए जाने के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार इन कर्मियों के खिलाफ दंडात्मक आदेश जारी किए गए हैं।

विभागीय जांच के आधार पर बनियापुर थाना के चौकीदार विवेक कुमार को उनके आचरण के लिए सख्त चेतावनी का दंड दिया गया है। वहीं रिविलगंज थाना के रजनीकांत मांझी, नगरा थाना के संतोष मांझी और मशरक थाना के संजय मांझी को उनकी संलिप्तता के आधार पर निम्नतर कालमान वेतन में अवनति का दंड सुनाया गया है।

जिलाधिकारी ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को कड़े निर्देश दिए हैं कि लंबित विभागीय कार्यवाहियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करें, ताकि दोषियों पर त्वरित और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार