राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना की चोरी की 44 बोरी चावल के साथ ट्रैक्टर जब्त,चार गिरफ्तार

 


अररिया 05 मई(हि.स.)। अररिया आरएस थाना पुलिस ने राष्ट्रीय खाद सुरक्षा योजना के लिए आवंटित चावल चोरी मामले का खुलासा किया है।मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर सहित 44 बोरी चावल और खाली जूट की 34 बोरे को बरामद किया।जानकारी मंगलवार शाम को एसपी जितेन्द्र कुमार ने दी।

एसपी जितेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सहायक प्रबंधक सीएमआर गोदाम ने आरएस थाना में एक आवेदन देकर प्रखंड परिसर स्थित गोदाम संख्या 10 की दिवाल को तोड़कर अज्ञात चोरों के द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना की चावल चोरी करने का कांड संख्या 98/26 बीएनएस की धारा 305(5) के तहत दर्ज कराया था।मामले को लेकर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया था।

छापेमारी दल द्वारा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए मामले में चार आरोपितों का शिनाख्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर 44 बोरा चावल,लाल रंग की महिंद्रा ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ 34 पीस खाली जूट का बोरा बरामद किया।

गिरफ्तार हुए आरोपितों में आरएस थाना क्षेत्र के इटहरा वार्ड संख्या सात का रहने वाला 21 वर्षीय राहुल कुमार पिता संतोष विश्वास,24 वर्षीय अजय कुमार पिता बैजू सदा,शिवपुरी वार्ड संख्या नौ मछलीपट्टी के 52 वर्षीय गौरीशंकर सिंह पिता स्व.रामपरीक्षण और अररिया बाजार वार्ड संख्या 28 के 28 वर्षीय किशन कुमार पिता शिवनाथ प्रसाद हैं।

वहीं छापेमारी दल में आरएस थानाध्यक्ष अंकुर,एसआई त्रिपुरारी कुमार,सौदागर कुमार,सिपाही प्रीतम कुमार और चौकीदार रामदेव पासवान शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर