अवैध रूप से संचालित निजी नर्सिंग होम, क्लिनिक एवं पैथोलॉजी लैब के विरुद्ध जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई, चार संस्थान सील
अररिया 18 नवम्बर(हि.स.)। जिलाधिकारी विनोद दुहन के निर्देश पर जिले में बुधवार को अवैध रूप से संचालित निजी नर्सिंग होम, क्लिनिक, पैथोलॉजी लैब एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अनियमितता पाए जाने पर कुल चार निजी चिकित्सा संस्थानों को सील किया गया।
डीएम के निर्देश पर गठित धावा दल द्वारा जोगबनी, फारबिसगंज, पलासी, जोकीहाट एवं अररिया शहरी क्षेत्र में विभिन्न निजी चिकित्सा संस्थानों की जांच की गई। जांच के क्रम में आवश्यक निबंधन, संचालन संबंधी अनुमति एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की पड़ताल की गई।कार्रवाई के तहत सील किए गए चार संस्थानों में अररिया शहरी क्षेत्र के अमन नर्सिंग होम, रिफा नर्सिंग होम एवं ड्रीम पैथो लैब तथा फारबिसगंज स्थित प्राइम नर्सिंग होम शामिल हैं।
जांच अभियान के लिए गठित धावा दल में अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी शामिल थे। टीम द्वारा निजी चिकित्सा संस्थानों के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध एवं अनियमित रूप से संचालित निजी चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा। बिना वैध निबंधन एवं आवश्यक अनुमति के चिकित्सा संस्थान संचालित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर