कलश यात्रा के साथ चार दिवसीय हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ

 


किशनगंज, 01 अप्रैल (हि.स.)। शहर के वार्ड 30 स्थित डुमरिया काली मंदिर के समीप महाप्रभु सतनाम संघ द्वारा आयोजित चार दिवसीय हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार को कलश यात्रा के साथ हुई। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं, जो कलश लेकर देवघाट खगड़ा पहुंचीं। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने नदी से जल भरकर कलश के साथ कीर्तन स्थल के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति गीत और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। कमेटी के सचिव राजा सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल से 5 अप्रैल तक हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर महाप्रभु सतनाम संघ द्वारा एक सप्ताह पूर्व से ही तैयारी शुरू कर दी गई थी। आयोजन स्थल पर बांस-बल्लियों से भव्य पंडाल का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि संध्या समय से प्रतिदिन हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य लगातार तैयारी में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर 5 अप्रैल को महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह