सारण में 5200 लीटर से अधिक विदेशी शराब के साथ चार गिरफ्तार
सारण, 19 जुलाई (हि.स.)। मकेर थाना पुलिस ने मद्यनिषेध विभाग पटना की गुप्त सूचना पर छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच 722 स्थित रेवा घाट के पास एक कार्रवाई किया। पुलिस ने विदेशी शराब से लदे एक ट्रक और उसकी लाइनिंग कर रही सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार को जब्त किया है। इसके साथ ही अंतरराज्यीय गिरोह के चार युवकों को भी गिरफ्तार किया है जो सभी हरियाणा के रहने वाले हैं।
थानाध्यक्ष के निर्देश पर गठित टीम ने रेवा घाट पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान कार में सवार तीन लाइनरों को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि शराब लदा ट्रक पीछे आ रहा है। कुछ ही देर बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को भी पकड़ लिया, जिसका चालक भागने की कोशिश कर रहा था।
ट्रक की तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे से फॉर सेल इन पंजाब मार्क वाली विभिन्न ब्रांड्स की 588 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 5,259.60 लीटर आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में ट्रक चालक हरीश कुमार और लाइनर सुमित, सचिन व जितेंद्र शामिल हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब की यह खेप हरियाणा के कैथल से लोड की गई थी और इसे बक्सर व छपरा के रास्ते मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार