दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब लूटने के मामले में चार गिरफ्तार

 


अररिया 03 अक्टूबर(हि.स.)।

रानीगंज के खरहट पंचायत के गीतवास टोल टैक्स के पास शराब लदे ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शराब लूटने के मामले में रानीगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि ट्रक हादसे के बाद मौके पर जमा भीड़ द्वारा शराब की बोतलें लूटने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर छापेमारी शुरू की थी।

रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि शराब लूटकांड में अन्य फरार लोगों की तलाश जारी है। सभी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में खरहट निवासी रूपेश विश्वास, सुबोध विश्वास, रोहित कुमार और गौरव कुमार है। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर